Thursday, 21 August 2014 13:40 |

नई दिल्ली। रिलायंस जनरल इन्श्योरेंस का मुनाफा 2014-15 की पहली तिमाही में दोगुना बढ़कर 24.3 करोड़ रुपए हो गया और इस अवधि में बेची गई पालिसी की संख्या 10 लाख को पार कर गई। निजी क्षेत्र की प्रमुख साधारण बीमा कंपनी और अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस समूह की वित्तीय सेवा इकाई रिलायंस कैपिटल की अंग इस कंपनी ने उद्योग के रूझान को मात देते हुए प्रीमियम संग्रह में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की। कंपनी के मुख्य कार्यकारी राकेश जैन ने प्रेट्र से कहा ‘‘उद्योग में धीमी वृद्धि दर का दौर है लेकिन रिलायंस जनरल सतत
वृद्धि के लिए लोगों और कंपनियों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है।’’ रिलायंस जनरल इंश्योरेंस की पहली तिमाही का मुनाफा 30 जून 2014 को समाप्त अविध में 138 प्रतिशत बढ़कर 24.3 करोड़ रुपए हो गया जो पिछले साल की इसी अवधि में 10.2 करोड़ रुपए था। मुनाफे में बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जबकि अन्य प्रमुख निजी साधारण बीमा कंपनियों के मुनाफे में गिरावट दर्ज हो रही है। (भाषा)
|