नई दिल्ली। भाजपा मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव जीतने के करीब है तो वहीं दिल्ली में
त्रिशंकु विधानसभा में इसे बढ़त मिल सकती है। यह रूझान टेलीविजन चैनलों के विभिन्न एक्जिट पोल में दिखाए गए।
आम चुनावों से पहले सेमीफाइनल माने जा रहे पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में आज राजधानी दिल्ली में मतदान की प्रक्रिया पूरी हुई। राजनीति में पहली बार उतर रहे आप को दिल्ली के 70 सदस्यीय विधानसभा में 18 सीटें मिलती प्रतीत हो रही हैं।
अनुमान के मुताबिक मध्यप्रदेश में भाजपा सत्ता पर कब्जा बनाए रख सकती है और राजस्थान में वह कांग्रेस को बेदखल कर सकती है वहीं छत्तीसगढ़ में भी वह मामूली रूप से बढ़त बनाए हुए है।
सीएनएन...आईबीएन...सीएसडीएस...द वीक के सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश में 230 विधानसभा सीटों में से भाजपा को 136 से 146 सीटें दी गई हैं जबकि छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा में उसे 45 से 55 सीटें दी गई हैं। मध्यप्रदेश में विपक्षी दल कांग्रेस को 67 से 77 और छत्तीसगढ़ में 32 से 40
सीटें मिल सकती हैं।
‘टुडेज चाणक्या’ ने मध्यप्रदेश में भाजपा को स्पष्ट बहुमत यानी 161 सीटें दी हैं वहीं छत्तीसगढ़ में इसे 51 और राजस्थान में 147 सीटें दी हैं । इसने मध्यप्रदेश में कांग्रेस को सिर्फ 62 सीट, छत्तीसगढ़ में 39 और राजस्थान में महज 39 सीट दी है।
टाइम्स नाऊ...सी-वोटर ने सभी तीनों बड़े राज्यों में भाजपा को बढ़त दिलाई है। इसके मुताबिक मध्यप्रदेश में भाजपा को 128, छत्तीसगढ़ में 44 और 200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा में 130 सीटें मिलेंगी। सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश में कांग्रेस को 92, छत्तीसगढ़ में 41 और राजस्थान में केवल 48 सीटें दी गई हैं।
दिल्ली में सर्वेक्षण में त्रिशंकु विधानसभा का अनुमान जताया गया है जहां भाजपा को 31 , कांग्रेस को 24 और आप को 11 सीटें मिलने का अनुमान है।
(भाषा)
|