नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा के लिए आज हो रहे चुनाव में सबसे पहले मतदान करने वालों में उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी विजय देव सहित अन्य लोग शामिल रहे।
अंसारी नई दिल्ली सीट पर सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर निर्माण भवन स्थित बूथ संख्या 8586 पर पहुंचे।
इस मतदान केन्द्र पर मतदान करने वाले नागरिकों में अंसारी सबसे पहले मतदान करने वालों में शामिल रहे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित जैसे हाईप्रोफाइल मतदाता हैं।
नई दिल्ली सीट से शीला, केजरीवाल और प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रमुख विजेन्द्र गुप्ता के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी देव ने सुबह आठ बजे क्षेत्र के हनुमान रोड स्थित बूथ संख्या 47
पर मतदान किया। वह इस बूथ पर मतदान करने वाले पहले मतदाता थे।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने उम्मीद जताया कि लोग भारी संख्या में मतदान करके रिकार्ड बनाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे विश्वास है कि दिल्ली के लोग मतदान का नया रिकार्ड बनाएंगे। लोगों में चुनाव के प्रति भारी उत्साह है।’’
साल 2008 के विधानसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत 57.58 रहा।
केजरीवाल ने सवा आठ बजे के करीब इसी मतदान केंद्र पर वोट डाला।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ दिल्ली के लोग जीतेंगे और चुनाव में भ्रष्टाचार की हार होगी।’’
(भाषा)
|