Sunday, 01 December 2013 14:25 |
जम्मू। प्रधानमंत्री पद के लिए भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रैली के मद्देनजर जम्मू में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। मोदी को आज यहां एमएएम स्टेडियम में एक रैली को संबोधित करना है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिसर में और इसके आस पास सुरक्षा के बहुचरणीय प्रबंध किए गए हैं ताकि शांतिपूर्ण रैली सुनिश्चित कराई जा सके। रैली के दौरान एक घंटे तक परिसर के ऊपर भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर भी चक्कर लगाएंगे।
शहर में आयोजित रैली में आने वाली लोगों की भीड़ को नियमित करने के
लिए सैंकड़ों कंटीली तारों से रास्ते अवरूद्ध किए गए हैं। भाजपा की राज्य इकाई के महासचिव बाली भगत ने यहां कहा, ‘‘ राज्य सरकार और पुलिस अधिकारी लोगों को परिसर पर पहुंचने से रोक रहे हैं। ’’
प्रतिबंधों के कारण लोगों को परिसर पर पहुंचने में घंटों लग रहे हैं। कुछ लोगों ने सतवाड़ी और ज्वेल इलाकों में प्रदर्शन किए।
(भाषा)
|