चंडीगढ़। पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने हाल ही में राज्य में भंडाफोड़ किए गए मादक पदार्थ के गिरोह के साथ अपनी पार्टी के किसी सांसद और विधायक की संलिप्तता से आज इनकार किया।
गौरतलब है कि विपक्षी कांग्रेस ने ऐसा दावा किया था।
शिअद सांसद रतन सिंह अजनाला (खदूर साहिब) और उनके विधायक पुत्र अमरपाल सिंह बोनी (अजनाला) की संभावित संलिप्तता के बारे में सवाल पूछे जाने पर सुखबीर ने कहा, ‘‘मादक पदार्थ गिरोह से उनका कोई संबंध नहीं है।’’
गौरतलब है कि पंजाब पुलिस ने हाल ही में मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़ किया था और इसके सरगना जगदीश भोला उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार किए गए लोगों में आपूर्तिकर्ता जगजीत सिंह चहल और मनिंदर सिंह औलख शामिल है। औलख इस पिता पुत्र से करीबी तौर पर जुड़ा हुआ था और उनका चुनाव एजेंट रह चुका था।
अकाली नेताओं के साथ अपराधियों के मंच साझा किए जाने की तस्वीरें मीडिया के एक धड़े द्वारा दिखाए जाने के बारे में पूछे जाने पर सुखबीर ने कहा कि पार्टी के काफी संख्या में कार्यकर्ता हैं इसलिए उनके बारे में पूरी सूचना जुटा पाना मुश्किल है।
सुखबीर ने कहा कि आज, यदि कोई व्यक्ति मादक पदार्थ की तस्करी में संलिप्त पाया जाता है तो किसी राजनीतिक पार्टी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। लोग चाहे शिअद से
जुड़े हो या कांग्रेस से। यदि कोई व्यक्ति इसमें संलिप्त है तो इसके लिए पूरी पार्टी को जिम्मेदार नहीं ठहराएं।
उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े जो लोग पाए गए उन्हें राज्य सरकार ने उनके राजनीतिक संपर्क की परवाह नहीं करते हुए जेल में डाल दिया। पटियाला पुलिस द्वारा हाल ही में खुलासा किए गए मादक पदार्थ गिरोह को भी इसके तार्किक निष्कर्ष तक ले जाया जाएगा और इनकी तस्करी से जुड़े सभी लोगों को जेल में डाला जाएगा।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य को मादक पदार्थ से मुक्त बनाने के लिए दृढ़ है। राज्य में मादक पदार्थ की बुराई को खत्म करना हमारी शीर्घ प्राथमिकता है।
सुखबीर ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के बारे में विश्वास जताया कि शिअद-भाजपा गठबंधन चुनावों में पूर्ण बहुमत हासिल कर सत्ता में आएगा। उन्होंने अपने सहयोगी दल से किसी भी विषय पर कोई विवाद होने की बात से इनकार किया।
उन्होंने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को राजनीति में एक अविवादित ‘चैम्पियन’ बताया।
उन्होंने आम आदमी पार्टी के बारे में कहा कि स्टिंग ऑपरेशन के बाद उसकी सचाई सामने आ गई है। दिल्ली में कांग्रेस और शिअद-भाजपा के बीच मुकाबला है।
(भाषा)
|