Saturday, 19 October 2013 10:16 |
जनसत्ता संवाददाता नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली में लगातार अपना जनाधार बढ़ने का दावा किया है। शुक्रवार को अपना तीसरा चुनाव पूर्व सर्वेक्षण जारी करते हुए पार्टी के संस्थापक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजधानीवासी शीला दीक्षित सरकार के भ्रष्टचार और भाजपा के नकारेपन से नाराज हैं।
उन्हें विकल्प चाहिए जो उन्हें आप के रूप में दिखाई पड़ रहा है। यही वजह है कि तीसरे दौर के सर्वे में भाजपा कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए 32 फीसद लोगों ने आप को पसंद किया है। इसमें कांग्रेस को 28 फीसद और भाजपा को महज 24 फीसद लोगों ने समर्थन दिया है। एक प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी नेता ने कहा कि तीसरे दौर के सर्वेक्षण का काम पांच सितंबर से पांच अक्तूबर के बीच किया गया। इसके तहत सभी 70 विधानसभाओं में औचक सर्वेक्षण किया गया। हर विधानसभा सीट के 25 मतदान केंद्रों को चुना गया जहां औचक लोगों से बात की गई। उनमें सैंपल सर्वे के परचे देकर उनसे उसे भरवाया गया। उन्होने कहा कि इसमें आमने-सामने बातचीत की गई। 34 हजार 425 लोगों से बातचीत की गई। इनमें से ज्यादातर ने कहा कि आप सबसे बेहतर है। और कहा कि इस चुनाव में उसे बढ़त मिलेगी। आप ने दावा किया कि वह दिल्ली में अगली सरकार बनाने जा रही है क्योंकि पार्टी की तरफ से कराए गए सर्वेक्षण में पाया गया है कि राष्ट्रीय राजधानी की 70 में से 32 सीटों पर उसे बढ़त मिलने वाली है। सक्रिय चुनावी राजनीति में पहली बार उतर रही आप ने दावा किया कि इसे 32 फीसद मतदाताओं का समर्थन हासिल है और पार्टी
के संस्थापक अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री पद के सबसे पसंदीदा उम्मीदवार हैं। लोगों के बीच उसे लेकर अच्छी राय है। सर्वेक्षण के मुताबिक अगस्त में कराए गए सर्वेक्षण की तुलना में पार्टी को अबकी बार पांच फीसद की बढ़त मिलने वाली है। इस सर्वे के मुताबिक कांग्रेस और भाजपा पीछे है। पार्टी के सहयोगी योगेंद्र यादव ने पार्टी के सर्वेक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आप क ो 32 फीसद वोट हासिल हैं जबकि कांग्रेस के पास 28 फीसद और भाजपा को 24 फीसद मतदाताओं का समर्थन है। भाजपा और कांग्रेस दोनों का जनाधार खिसक रहा है। पार्टी ने दावा किया कि वह 33 विधानसभा क्षेत्रों में 10 फीसद वोट से बढ़त बना रही है और 17 क्षेत्रों में उसे दस फीसद से कम वोट मिलने वाले हैं। चार क्षेत्रों में पांच फीसद बढ़त हासिल हो रही है। उन्होंने माना कि 12 विधानसभा क्षेत्रों में आप पांच फीसद से कम वोट से पिछड़ रही है। उन्होंने कहा कि पहले और दूसरे दौर के सर्वेक्षण में जहां कांग्रेस के सबसे ज्यादा वोट कटने वाले थे वहीं दूसरे और तीसरे चरण में भाजपा को ज्यादा नुकसान होने जा रहा है। यादव ने बताया कि सर्वेक्षण सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में कराया गया और हर इलाके से 500 नमूने जुटाए गए। यादव ने कहा कि सर्वेक्षण में साफ संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी के पक्ष में लहर है। राजधानी में पार्टी तेजी से उभर रही है।
|