Tuesday, 23 July 2013 09:39 |

लंदन। प्रिंस विलियम की पत्नी केट मिडलटन ने आज यहां एक अस्पताल में एक लड़के को जन्म दिया और ब्रिटिश ताज के बहुप्रतीक्षित उत्तराधिकारी के आगमन की सूचना के साथ ही ब्रिटेन में खुशियों की लहर दौड़ गई।
केनसिंग्टन पैलेस ने बताया कि 31 वर्षीय डचेज ऑफ कैम्ब्रिज ने स्थानीय समयानुसार शाम चार बजकर 24 मिनट पर लड़के को जन्म दिया। आधिकारिक रूप से नामकरण होने से पहले ड्यूक और डचेज ऑफ कैम्ब्रिज की पहली संतान को प्रिंस कैम्ब्रिज के नाम से जाना जाएगा। प्रिंस कैम्ब्रिज ने मध्य लंदन में सेंट मेरी अस्पताल के निजी लिंदो विंग में जन्म लिया। केनसिंग्टन पैलेस ने अपने बयान में कहा, ‘ हर रॉयल हाइनेस द डचेज ऑफ कैम्ब्रिज ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है। शिशु का वजन 3.8 किलोग्राम है।’’ शाही परिवार की पहली संतान ब्रिटिश ताज के उत्तराधिकार की सूची में अपने दादा प्रिंस चार्ल्स और पिता प्रिंस विलियम के बाद तीसरे नंबर पर आएगी। केट ने जब बच्चे
को जन्म दिया तो ड्यूक आॅफ कैम्ब्रिज उनके साथ मौजूद थे। पैलेस ने बयान में कहा कि ड्चेज और शिशु दोनों ‘स्वस्थ’ है और वे रातभर अस्पताल में रहेंगे। बयान में कहा गया है, ‘‘ महारानी, ड्यूक आॅफ एडिनबर्ग, द प्रिंस आॅफ वेल्स, द डचेज आफ कोर्नवाल, प्रिंस हैरी और दोनों परिवारों के सदस्यों को सूचित कर दिया गया है और वे समाचार पाकर खुश हैं।’’ केट को आज सुबह छह बजे :स्थानीय समयानुसार: अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऐसा बताया जा रहा है कि बच्चे का जन्म सामान्य प्रसव के जरिए हुआ लेकिन आगे की जानकारी की अभी प्रतीक्षा की जा रही है। प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने ट्विटर पर कहा, ‘‘ मैं खुश हूं कि ड्यूक और डचेज की संतान ने जन्म लिया है। पूरा देश जश्न मनाएगा। वे दोनों बेहतरीन माता पिता साबित होंगे।’’ भाषा
|