|
Thursday, 18 July 2013 13:02 |
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेलसन मंडेला के 95वें जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी है।
मंडेला पिछले कुछ समय से अस्पताल में हैं। ओबामा ने कल एक बयान में कहा है ‘अपने परिवार और अमेरिकी जनता की ओर से मिशेल तथा मैं नेलसन मंडेला को उनके 95 वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हैं और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने पांचवे सालाना नेलसन मंडेला अंतरराष्ट्रीय दिवस पर दक्षिण अफ्रीका की सरकार और जनता वहां की जनता को भी बधाई दी है। रंगभेद के खिलाफ संघर्ष करने वाले इस दिग्गज नेता के सम्मान में अमेरिका ने वर्ष 2009 में, उनके जन्मदिन को ‘मंडेला दिवस’ घोषित किया था। ओबामा ने कहा ‘उनके उदाहरण को देखते हुए हम
उस व्यक्ति को सम्मान दे सकते हैं जिसने अपने लोगों और दुनिया को न्याय, समानता और स्वतंत्रता का रास्ता दिखाया।’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि समानता, सुलह सहमति और मानव मर्यादा के लिए मंडेला की अक्षुण्ण प्रतिबद्धता प्रत्येक भावी पीढ़ी के लिए अनुकरणीय रहेगी। उन्होंने कहा कि उनका परिवार रोबेन द्वीप स्थित जेल की उस कोठरी में जा कर द्रवित हो गया जहां मंडेला को कैद कर रखा गया था। उन्होंने कहा कि वह लोग नोबेल पुरस्कार से सम्मानित मंडेला से हमेशा प्रेरित होते हैं। मंडेला ने कुल 27 साल जेल में बिताए हैं। इनमे से 18 साल तक उन्हें रोबेन द्वीप की जेल में रखा गया था। भाषा
|