|
Wednesday, 17 July 2013 11:09 |
देहरादून। उत्तराखंड में पिछले महीने आयी जलप्रलय में मारे गये राज्य के लोगों के परिजनों को आज सरकार ने मुआवजा राशि बांटना शुरू कर दिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की घोषणा के मुताबिक, आज पहले दिन विभिन्न जिलों में जिलाधिकारियों के माध्यम से प्राकृतिक आपदा में मरने वाले राज्य के 51 निवासियों के परिजनों को मुआवजा राशि के रूप में पांच-पांच लाख रूपये के चेक वितरित किये। सूत्रों के मुताबिक, आगामी कुछ दिनों में राज्य के सभी मृतकों के संबंध में सूचनायें पुष्ट करने के बाद उनके परिजनों को मुआवजा राशि का भुगतान कर दिया जायेगा। मुआवजे के पांच लाख रूपये
में से दो लाख रूपये प्रधानमंत्री राहत कोष से दिये जायेंगे और डेढ लाख का भुगतान ‘नेशनल कैलेमिटी रिलीफ फंड’ :एनसीआरएफ: से किया जायेगा। बाकी बचे डेढ़ लाख रूपये संबंधित राज्य सरकारें देंगी। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा पहले ही साफ कर चुके हैं कि राज्य सरकार सिर्फ उत्तराखंड के ही प्रभावित लोगों को मुआवजा देगी। एक महीने पहले राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तबाही मचाने वाली आपदा में 580 लोगों के मरने और 5748 लोगों के लापता होने की सूचना है, जिसमें से 924 उत्तराखंड के बाशिंदे हैं। (भाषा)
|