|
Wednesday, 17 July 2013 10:05 |
जनसत्ता सं वाददाता, नई दिल्ली। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भीमसेन बस्सी मंगलवार को नए दिल्ली पुलिस आयुक्त नियुक्त किए गए और वे एक अगस्त से दिल्ली पुलिस की जिम्मेदारी संभालेंगे।
अभी विशेष आयुक्त (प्रशासन) के रू प में काम कर रहे 1977 बैच के 57 साल के आइपीएस अधिकारी बस्सी नीरज कुमार की जगह लेंगे, जो दो साल का कार्यकाल पूरा कर 31 जुलाई को अवकाश ग्रहण करेंगे। वे दिल्ली पुलिस के 20वें आयुक्त होंगे। बस्सी दिल्ली पुलिस में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वे विशेष आयुक्त (यातायात), विशेष आयुक्त (सतर्कता), संयुक्त आयुक्त (दक्षिण रेंज) और अतिरिक्त आयुक्त (उत्तरी रेंज) रह चुके हैं। इसके अलावा वे गोवा पुलिस के महानिदेशक भी रह चुके हैं। एजीएमयू (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम-केंद्रीय प्रदेश) कैडर के वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी फरवरी 2016 में अपने पद से अवकाश ग्रहण करेंगे। बस्सी ऐसे समय दिल्ली पुलिस की कमान संभाल रहे हैं जब यह दिल्ली के निवासियों को, खास तौर पर महिलाओं को सुरक्षा मुहैया करने के मुद्दे पर आलोचनाओं से गुजर रही है।
उनकी प्रमुख चुनौतियों में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ यौन हिंसा के अपराधों पर अंकुश लगाना शामिल है। निवर्तमान पुलिस आयुक्त नीरज कुमार को 16 दिसंबर के दिल्ली के सामूहिक बलात्कार कांड के बाद तीखी आलोचना से जुझना पड़ा। 23 साल की छात्रा के सामूहिक बलात्कार पर देश भर में व्यापक विक्षोभ और प्रदर्शन हुए। नगर में सामूहिक बलात्कार के खिलाफ आयोजित अभूतपूर्व आंदोलन से दिल्ली पुलिस ने जिस तरह निबटा उसपर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कुमार की तीखी आलोचना की। उन्होंने उनके इस्तीफे की भी मांग की थी। अप्रैल में उत्तर पूर्व दिल्ली के गांधी नगर इलाके में एक पांच साल की लड़की के बलात्कार मामले में भी कुमार को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा। दिल्ली पुलिस आयुक्त के इस पद के लिए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के महानिदेशक (जांच) कंवलजीत देवल और तिहाड़ जेल महानिदेशक विमला मेहरा भी दावेदार माने जा रहे थे।
|