|
Tuesday, 16 July 2013 09:06 |
हैदराबाद। भाजपा की आंध्र प्रदेश इकाई ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को भुनाने का फैसला किया है। पहली बार पार्टी की राज्य इकाई ने मोदी की एक जनसभा में शामिल होने वाले लोगों से प्रति व्यक्ति पांच रुपए का पंजीयन शुल्क वसूलने का फैसला किया है।
भाजपा की चुनाव प्रचार अभियान समिति के प्रमुख मोदी 11 अगस्त को यहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एन रामचंद्र राव ने कहा,‘अन्य पार्टियां अपनी जनसभाओं के लिए लोगों को लाती हैं। मामूली राशि एकत्र करने का विचार गंभीरता और प्रतिबद्धता को बढ़ावा देने के लिए है। हम एकत्र राशि उत्तराखंड राहत के लिए देंगे।’ आभासी दुनिया में मोदी की लोकप्रियता को देखते हुए यह पंजीयन आनलाइन भी कराया जा सकता है। पंजीयन प्रक्रिया हाल में शुरू हुई है। यह 10 अगस्त तक चलेगा। राव ने कहा कि मध्य हैदराबाद में स्थित लाल बहादुर स्टेडियम में सभा होगी। इसमें 18 से 40 साल आयु वर्ग के एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के लिहाज से
चर्चित हैदराबाद के आइटी पेशेवरों और कालेज छात्रों तक पहुंच बनाने का भाजपा का प्रयास है। राव ने कहा कि करीब 40 हजार लोग पंजीयन करा चुके हैं और पार्टी को उम्मीद है कि यह संख्या करीब 70 हजार तक होगी। मोदी की रैली पहले 27 जुलाई को होनी थी। लेकिन ग्राम पंचायत चुनाव को देखते यह 11 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। चुनाव प्रचार अभियान समिति का प्रमुख बनाए जाने के बाद मोदी की दक्षिण भारत में यह पहली सभा होगी। विधानसभा में भाजपा के चार विधायक हैं। उसका पूरा प्रयास 2014 के आम चुनाव और विधानसभा में अपनी शक्ति बढ़ाने का है। पार्टी तेलंगाना क्षेत्र में जोर दे रही है। उसने अलग तेलंगाना के मुद्दे को जोर-शोर से उठाया है। (भाषा)।
फेसबुक पेज को लाइक करने के क्लिक करें- https://www.facebook.com/Jansatta ट्विटर पेज पर फॉलो करने के लिए क्लिक करें- https://twitter.com/Jansatta
|