|
Monday, 15 July 2013 09:09 |
नई दिल्ली। देश में दो लोगों के लिए दो रात की छुट्टियां बिताने के लिए कोलकाता सबसे महंगा शहर है। वहीं दूसरी ओर इस मामले में अमदाबाद सबसे सस्ता शहर है।
एक सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है। ट्रेवल पोर्टल ट्रिपएडवाइजर के सर्वेक्षण के मुताबिक ‘सिटी आफ जॉय’ ने महंगे शहर के रूप में ‘सिटी आॅफ ड्रीम्स’ को पीछे छोड़ दिया है। कोलकाता में दो लोगों के दो रात के ठहरने का खर्च 10,115 रुपए बैठेगा, जबकि अमदाबाद में यह खर्च 6,406 रुपए पड़ेगा। कोलकाता इस मामले में अमदाबाद से डेढ़ गुना महंगा शहर है। यह सर्वेक्षण आठ शहरों मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, पुणे, बंगलूर, अमदाबाद और हैदराबाद में किया गया। ट्रिपएडवाइजर ने प्रमुख भारतीय महानगरों पर सालाना ट्रिप इंडेक्स का तीसरा संस्करण जारी किया है। इस सर्वेक्षण का मकसद यात्रियों को इन गंतव्यों पर ठहरने के खर्च के बारे में जानकारी देना है। इसमें दो रात के ठहरने के खर्च के अलावा, खाने से पहले ड्रिंक, डिनर और टैक्सी किराए को शामिल किया गया। होटलों के मामले में मुंबई सबसे महंगा शहर है। मुंबई में कमरे का किराया
7,580 रुपए बैठेगा, जबकि पुणे में होटल कमरे का किराया सबसे कम यानी 5,230 रुपए बैठता है। ट्रैक्सी सेवा के मामले में मुंबई सबसे सस्ता शहर है। दो किलोमीटर की ट्रैक्सी से दो यात्रियों के लिए मुंबई में खर्च 84 रुपए पड़ेगा, जबकि चेन्नई में यह खर्च 230 रुपए बैठेगा। डिनर के मामले में दिल्ली में दो लोगों का खर्च 2,767 रुपए बैठेगा, जबकि अमदाबाद में यह 593 रुपए बैठेगा। दिल्ली में बीयर सबसे सस्ती और हैदराबाद में सबसे महंगी है। ट्रिपएडवाइजर इंडिया के कंट्री प्रबंधक निखिल गंजू ने कहा कि ट्रिपइंडेक्स पर्यटकों के लिए पर्यटन योजना बनाने में मददगार होता है। इससे वे पता लगा सकते हैं कि किसी महानगर में उन्हें कितना पैसा खर्च करना पड़ सकता है। होटल के कमरों के किराया एक चार सितारा होटल में औसतन एक रात के किराए के आधार पर निकाला गया है। प्रत्येक गंतव्य पर होटल किराया का औसत एक जून से 31 अगस्त की अवधि के आधार पर निकाला गया है। (भाषा)।
|