Tuesday, 27 November 2012 14:39 |

मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया आधारित एक गणितज्ञ महिलाओं के बेहतरीन लुक्स के लिए मैथ्स का एक नया फार्मूला लेकर आई हैं, जो कि मिस्र के पिरामिडों और लियोनार्डो दा विंची की मशहूर पेंटिंग मोनालिसा के निर्माण में लिए गए अनुपातों पर आधारित है।
गणित में स्नातक लिली सेरना के इस समीकरण की मदद से महिलाएं अपने शरीर के हिसाब से अपने लिए पूरी तरह परिधान की उचित लंबाई का चयन कर सकती हैं ताकि वह वाकई उनपर फबे। सेरना के इस फार्मूला में महिला के कंधे से एड़ी की ऊंचाई तक को जोड़कर 1.618 से भाग देना है। इसका जो भागफल आएगा वह उस महिला का ‘गोल्डन नंबर’ होगा। ‘द ऑस्ट्रेलियन’ की खबर के अनुसार, एक बार जब अपना गोल्डन नंबर पता चल जाएगा तो महिला को अपने कंधे से नीचे गोल्डन नंबर जितनी लंबाई मापनी है। इस लंबाई से पता चल सकेगा कि उसके परिधान की आदर्श लंबाई कितनी रहनी चाहिए। इस फार्मूले में सेरना ने सौंदर्य, अनुपात और दर्शनीय संतुलन के पुराने सिद्धांतों को आधार बनाया है। सेरना ने
कहा, ‘‘इसकी मदद से महिलाएं अपने लिए कोई परिधान खरीदते समय खुद पर जंचने वाली लंबाई का ध्यान रख सकेंगी। और अगर उनका परिधान इस लंबाई से थोड़ा अलग आ जाता है तो वे उसे कटवा सकेंगी।’’ उन्होंने कहा,‘‘यह गोल्डन रेशियो :स्वर्ण अनुपात: 1.618 पर आधारित है जो कई बार स्वर्ण औसत या दैवीय अनुपात भी कहलाता है। इसका संबंध स्थापत्य और कलाओं में सौंदर्य से है।’’ सेरना के अनुसार, यह अनुपात मिस्र के पिरामिडों, लियोनार्डो दा विंची की मशहूर मोनालिसा पेंटिंग और हॉलीवुड की सुंदरियों की आंखों से नाक तक के माप आदि से संबंधित है। पूरी तरह परफेक्ट दिखने के लिए सेरना महिलाओं को सलाह देती हैं कि वे अपने कंधों से पैरों तक की दूरी मापें जिसमें उच्च्ंची एड़ियां भी शामिल हों। इसके बाद इसे स्वर्ण अनुपात 1.618 से भाग करें और अपना गोल्डन नंबर प्राप्त करें। इस गोल्डन नंबर की मदद से आप अपने परिधान की लंबाई तय कर सकती हैं।
|